नई दिल्ली, 14 दिसंबर (आईएएनएस)। भारतीय नौसेना का जहाज अपने एक ऑपरेशन के तहत फिलिपींस पहुंच गया है। यह नौसैनिक जहाज फिलीपींस से निकलने के बाद दक्षिण चीन सागर में एक महत्वपूर्ण संयुक्त सैन्य अभ्यास करेगा। नौसेना का जहाज 'आईएनएस कदमत्त' स्वदेशी रूप से डिजाइन और निर्मित पनडुब्बी रोधी समुद्री युद्धपोत है, जो अत्याधुनिक पनडुब्बी रोधी वेपन सूट से सुसज्जित है। यह जानकारी गुरुवार को रक्षा मंत्रालय ने दी। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक वर्तमान में चल रही लंबी दूरी की ऑपरेशन तैनाती के हिस्से के रूप में 'आईएनएस कदमत' फ़िलिपींस की राजधानी मनीला पहुंचा है। इस यात्रा का उद्देश्य भारत और फ़िलिपींस के बीच समुद्री सहयोग को बढ़ावा देना है। मनीला से प्रस्थान के बाद दक्षिण चीन सागर में 'आईएनएस कदमत' व फ़िलिपींस नौसेना के अपतटीय गश्ती जहाज बीआरपी रेमन अलकराज के बीच समुद्री साझेदारी अभ्यास आयोजित करने का भी कार्यक्रम है।
मंत्रालय के मुताबिक पोर्ट कॉल के दौरान दोनों नौसेनाओं के कर्मियों के बीच व्यापक स्तर की सहभागिता बढ़ाने की योजना बनाई गई। इनमें पेशेवर बातचीत, विषय वस्तु विशेषज्ञ आदान-प्रदान और क्रॉस डेक दौरे शामिल हैं। इनका उद्देश्य सहयोग को बढ़ाना तथा सर्वोत्तम प्रथाओं का आदान-प्रदान करना है। इस यात्रा के दौरान स्कूली बच्चों के दौरे और सामुदायिक आउटरीच, सामाजिक प्रभाव वाली गतिविधियों का आयोजन करने की भी योजना बनाई गई है।
इससे पहले 10 दिसंबर को अफ्रीका में लंबी दूरी की तैनाती के रूप में, भारतीय नौसेना जहाज 'सुमेधा' केन्या के लामू बदंरगाह पर पहुंचा था। नौसेना का यह जहाज आधुनिक हथियारों व उन्नत उपकरणों से लैस है। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक यह आगमन केन्या में हाल ही में विकसित बंदरगाह पर किसी भी भारतीय नौसेना जहाज द्वारा प्रथम बंदरगाह कॉल का प्रतीक है।
--आईएएनएस
जीसीबी/एबीएम