मुंबई, 4 सितंबर (आईएएनएस)। शपूरजी पल्लोनजी समूह के प्रमुख और टाटा संस के पूर्व अध्यक्ष साइरस मिस्त्री का रविवार दोपहर उत्तरी महाराष्ट्र के पालघर में एक सड़क दुर्घटना में निधन हो गया। वह 54 वर्ष के थे।दुर्घटना उस वक्त हुई, जब उनका वाहन सड़क के डिवाइडर से टकरा गया। वाहन में मिस्त्री के साथ तीन लोग यात्रा कर रहे थे।
मिस्त्री की मौत उनके पिता पल्लोनजी मिस्त्री के 28 जून को 93 वर्ष की आयु में निधन के दो महीने बाद हुई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मिस्त्री अहमदाबाद से मुंबई जा रहे थे, जब उनकी कार चरोटी के पास सूर्या नदी पर एक रोड डिवाइडर से टकरा गई। कार में चार लोग सवार थे, जिनमें से मिस्त्री सहित दो की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
अन्य दो घायल, जिनकी पहचान नहीं हुई है, उन्हें कासा के एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दुर्घटना का मुख्य कारण स्पष्ट नहीं हैं, हालांकि यह संदेह है कि गाड़ी की रफ्तार काफी ज्यादा थी और शनिवार से पूरे इलाके (पालघर) में भारी बारिश हुई थी।
इस खबर ने भारतीय कॉरपोरेट और राजनीतिक हलकों को सदमे में डाल दिया है। कई लोगों को विश्वास ही नहीं हुआ कि साइरस मिस्त्री की मौत हो गई है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने घटना पर दुख जताया और कहा कि मिस्त्री का निधन न केवल उनके परिवार के लिए बल्कि देश के औद्योगिक जगत के लिए एक बड़ी क्षति है।
एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले ने घटना पर दुख जताया और कहा, दुखद समाचार मेरे भाई, साइरस मिस्त्री का निधन हो गया है। विश्वास नहीं हो रहा है। रेस्ट इन पीस साइरस।
--आईएएनएस
एसकेपी