💎 आज के बाजार में सबसे स्वस्थ कंपनियों को देखेंशुरू करें

पारदर्शिता और जवाबदेही मोदी सरकार का आदर्श : अनुराग ठाकुर

प्रकाशित 30/12/2023, 10:00 pm
पारदर्शिता और जवाबदेही मोदी सरकार का आदर्श : अनुराग ठाकुर

नई दिल्ली, 30 दिसंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने पारदर्शिता और जवाबदेही को मोदी सरकार का आदर्श वाक्य बताते हुए कहा है कि इसने भारत को कभी पांच कमजोर अर्थव्यवस्थाओं में शुमार रहे देश से विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाया है और विश्व आज भारत की ओर आशा भरी नजरों से देख रहा है। राजधानी दिल्ली में 'हमारा संकल्प विकसित भारत' की थीम के साथ वर्ष 2024 के लिए भारत सरकार का कैलेंडर लॉन्च करते हुए ठाकुर ने कहा कि भारत ने आत्मनिर्भर बनने की दिशा में शानदार प्रगति की है। जो देश मोबाइल फोन का दूसरा सबसे बड़ा आयातक था, वह आज दूसरा सबसे बड़ा निर्माता है। जो देश कभी वैक्सीन आयात करता था, वह अब वैक्सीन मैत्री के तहत पूरी दुनिया को वैक्सीन बांट रहा है। भारत आज विनिर्माण के क्षेत्र में अपार सफलता हासिल कर चुका है।

उन्होंने कहा कि यहां तक कि जिन स्थानों पर भारत की उपस्थिति नगण्‍य थी, वहां भी भारत अब एक महत्‍वपूर्ण शक्ति बन चुका है। इसका उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि भारत आज तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम है। सरकार महिला सशक्तिकरण को सर्वोपरि मानती है और यह एक ओर उज्ज्वला योजना और दूसरी ओर ड्रोन दीदी के रूप में परिलक्षित होता है। वर्तमान सरकार ने ही स्वामीनाथन कमेटी की रिपोर्ट लागू की और इसके अलावा सरकार ने किसानों की समृद्धि पर अब तक 2.8 लाख करोड़ रुपये खर्च किए हैं।

ठाकुर ने कहा कि 2023 समाप्त होने के साथ ही 2024 अवसरों की एक नई सुबह लेकर आ रहा है। दुनिया भारत की ओर आशा भरी नजरों से देख रही है, दुनिया नेतृत्व के लिए भारत की ओर देख रही है।

इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री ने 'हमारा संकल्प विकसित भारत' विषय पर एक प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया। नए वर्ष के कैलेंडर के बारे में बताते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि नए वर्ष के 12 महीने के इस कैलेंडर में अलग-अलग क्षेत्रों में भारत सरकार द्वारा हासिल की गई उपलब्धियों को दिखाने और बताने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि ये दिख रहा है कि पिछले 10 वर्षों में भारत ने कैसे नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।

आपको बता दें कि, नए वर्ष के इस कैलेंडर का प्रत्येक महीना पिछले लगभग दस वर्षों में भारत सरकार द्वारा हासिल की गई उपलब्धियों के बारे में बताता है। यह 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास' के वादे को साकार करने के लिए कई सरकारी एजेंसियों द्वारा किए गए अथक प्रयासों को भी व्यक्त करता है। कैलेंडर में दर्शाए गए अलग-अलग महीनों की थीम की बात करें तो जनवरी की थीम आत्मनिर्भर और सशक्त भविष्य की दिशा में हमारे सामूहिक प्रयासों की याद दिलाती है।

फरवरी युवाओं के योगदान को बढ़ाने, देश को एक उज्ज्वल और अधिक समावेशी भविष्य की ओर प्रेरित करने का आह्वान करती है। मार्च की थीम 'वंचितों को प्राथमिकता' है, यह एक अनुस्मरण है कि सच्ची प्रगति उन लोगों को सहायता प्रदान करने में निहित है, जिन्हें इसकी सबसे अधिक आवश्यकता है। अप्रैल की थीम हर क्षेत्र में महिलाओं को सशक्त बनाने, एक ऐसे भविष्य को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित करने को प्रोत्साहित करती है, जहां उनका नेतृत्व और योगदान निर्णय लेने एवं सतत विकास में महत्वपूर्ण हो सकता है। हमारे समर्पित किसानों के अविश्वसनीय काम को प्रमुखता देना, मई महीने का मुख्य आकर्षण है। यह कृषि उन्नति के लिए नीतियों, स्थायी तौर-तरीकों का समर्थन और देश के अन्नदाताओं का कल्याण, सुनिश्चित करने पर सरकार द्वारा दिए गए महत्व पर बल देता है।

जून महीने की थीम 'रोजगार और स्व-रोजगार के अवसरों में वृद्धि' के साथ रोजगार सृजन और उद्यमशीलता को प्रोत्साहन देने पर ध्यान केंद्रित करना है, जिसके फलस्वरूप आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलता है। जुलाई हमारे समाज के मुख्य आधार, मध्यम वर्ग का उत्सव मनाने से संबंधित है। उनकी कड़ी मेहनत ‘न्यू इंडिया’ की भावना को परिभाषित करती है और वे विकास व नवाचार को बढ़ावा देने में सबसे आगे हैं।

अगस्त का महीना विश्व आर्थिक मंच पर भारत के बढ़ते महत्त्व को दर्शाता है। डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया और वोकल फॉर लोकल जैसी प्रमुख पहलों के साथ, भारत ने दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने का अपना मार्ग प्रशस्त किया है। सितंबर माह देश की प्रगति के लिए एक सुदृढ़ आधारशिला निर्माण में पिछले दस वर्षों में देश द्वारा की गई परिवर्तनकारी कदमों का प्रमाण है। अक्टूबर का महीना हमें देश के स्वास्थ्य ढांचे को सशक्त बनाने वाले आयुष्मान कार्डों, जन औषधि केंद्रों और नए एम्स व जिला अस्पतालों के साथ ही आम जन तक स्वास्थ्य देखभाल की पहुंच तथा क्षमताओं में हुई बढ़ोतरी पर बल देकर स्वस्थ भारत के दृष्टिकोण का उत्सव मनाने के लिए आमंत्रित करता है।

नवंबर की थीम हमारी अंतर्निहित जीवंत संस्कृति पर गर्व करने से लेकर विभिन्न कला रूपों को बढ़ावा देने और सांस्कृतिक वंशावली को सशक्त करने के उद्देश्य से देश के सांस्कृतिक विरासत स्थलों को संरक्षित करने तथा समग्र एवं सतत विकास सुनिश्चित करने के लिए हमारे मूल्यों व संस्कृति को सहेज कर रखने से संबंधित है। दिसंबर के कैलेंडर में भारत द्वारा वसुधैव कुटुंबकम के आदर्श वाक्य- एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य और मिशन लाइफ जैसी महत्वपूर्ण पहल के साथ विश्व मित्र के रूप में स्वयं को स्थापित करने के बारे में बताया गया है।

--आईएएनएस

एसटीपी/एबीएम

नवीनतम टिप्पणियाँ

हमारा ऐप इंस्टॉल करें
जोखिम प्रकटीकरण: वित्तीय उपकरण एवं/या क्रिप्टो करेंसी में ट्रेडिंग में आपके निवेश की राशि के कुछ, या सभी को खोने का जोखिम शामिल है, और सभी निवेशकों के लिए उपयुक्त नहीं हो सकता है। क्रिप्टो करेंसी की कीमत काफी अस्थिर होती है एवं वित्तीय, नियामक या राजनैतिक घटनाओं जैसे बाहरी कारकों से प्रभावित हो सकती है। मार्जिन पर ट्रेडिंग से वित्तीय जोखिम में वृद्धि होती है।
वित्तीय उपकरण या क्रिप्टो करेंसी में ट्रेड करने का निर्णय लेने से पहले आपको वित्तीय बाज़ारों में ट्रेडिंग से जुड़े जोखिमों एवं खर्चों की पूरी जानकारी होनी चाहिए, आपको अपने निवेश लक्ष्यों, अनुभव के स्तर एवं जोखिम के परिमाण पर सावधानी से विचार करना चाहिए, एवं जहां आवश्यकता हो वहाँ पेशेवर सलाह लेनी चाहिए।
फ्यूज़न मीडिया आपको याद दिलाना चाहता है कि इस वेबसाइट में मौजूद डेटा पूर्ण रूप से रियल टाइम एवं सटीक नहीं है। वेबसाइट पर मौजूद डेटा और मूल्य पूर्ण रूप से किसी बाज़ार या एक्सचेंज द्वारा नहीं दिए गए हैं, बल्कि बाज़ार निर्माताओं द्वारा भी दिए गए हो सकते हैं, एवं अतः कीमतों का सटीक ना होना एवं किसी भी बाज़ार में असल कीमत से भिन्न होने का अर्थ है कि कीमतें परिचायक हैं एवं ट्रेडिंग उद्देश्यों के लिए उपयुक्त नहीं है। फ्यूज़न मीडिया एवं इस वेबसाइट में दिए गए डेटा का कोई भी प्रदाता आपकी ट्रेडिंग के फलस्वरूप हुए नुकसान या हानि, अथवा इस वेबसाइट में दी गयी जानकारी पर आपके विश्वास के लिए किसी भी प्रकार से उत्तरदायी नहीं होगा।
फ्यूज़न मीडिया एवं/या डेटा प्रदाता की स्पष्ट पूर्व लिखित अनुमति के बिना इस वेबसाइट में मौजूद डेटा का प्रयोग, संचय, पुनरुत्पादन, प्रदर्शन, संशोधन, प्रेषण या वितरण करना निषिद्ध है। सभी बौद्धिक संपत्ति अधिकार प्रदाताओं एवं/या इस वेबसाइट में मौजूद डेटा प्रदान करने वाले एक्सचेंज द्वारा आरक्षित हैं।
फ्यूज़न मीडिया को विज्ञापनों या विज्ञापनदाताओं के साथ हुई आपकी बातचीत के आधार पर वेबसाइट पर आने वाले विज्ञापनों के लिए मुआवज़ा दिया जा सकता है।
इस समझौते का अंग्रेजी संस्करण मुख्य संस्करण है, जो अंग्रेजी संस्करण और हिंदी संस्करण के बीच विसंगति होने पर प्रभावी होता है।
© 2007-2024 - फ्यूजन मीडिया लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित