राँची, 20 मार्च (आईएएनएस)। झारखंड के मांडू विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक जयप्रकाश भाई पटेल काँग्रेस में शामिल हो गए हैं। नई दिल्ली स्थित काँग्रेस मुख्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा, प्रदेश प्रभारी गुलाम अहमद मीर और प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। माना जा रहा है कि वह हजारीबाग लोकसभा सीट से काँग्रेस के प्रत्याशी हो सकते हैं।
जयप्रकाश भाई पटेल को भाजपा ने कुछ महीने पहले झारखंड विधानसभा में विधायक दल का सचेतक नियुक्त किया था। उनकी गिनती झारखंड के प्रमुख कुर्मी नेताओं में होती है। इसके पहले वह झारखंड मुक्ति मोर्चा में थे। वह मांडू क्षेत्र से लगातार दो बार विधायक चुने गए हैं। उनके पिता दिवंगत टेकलाल महतो भी मांडू क्षेत्र से कई बार विधायक और गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र से सांसद रह चुके थे।
कांग्रेस में शामिल होने के बाद पटेल ने कहा कि वे अपने पिता स्व. टेकलाल महतो के सपनों को पूरा करने के लिए काँग्रेस में शामिल हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि इस बार झारखंड की सभी 14 सीटों पर 'इंडिया' गुट के प्रत्याशी विजयी होंगे।
--आईएएनएस
एसएनसी/एकेजे